spot_img

New Delhi : दो हजार रुपये के 97.62 फीसदी नोट बैंकों में आए वापस: आरबीआई

कहा-अब केवल 8470 करोड़ रुपये के नोट चलन में मौजूद
नई दिल्ली : (New Delhi)
देश में चलन में मौजूद 2000 रुपये मूल्य के नोट का 97.62 फीसदी बैंकों के पास वापस आ चुका है। दो हजार रुपये के बैंक नोट अभी लीगल टेंडर (कानूनी निविदा) बने रहेंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने यह जानकारी दी है।

आरबीआई ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि 19 मई, 2023 तक बाजार में प्रचलन में मौजूद 2000 रुपये मूल्य के बैंक नोटों का 97.62 फीसदी बैंकों के पास वापस आ चुका है। रिजर्व बैंक के मुताबिक 29 फरवरी, 2024 को कारोबार बंद होने के बाद प्रचलन में मौजूद दो हजार रुपये के नोटों का मूल्य घटकर अब 8,470 करोड़ रुपये रह गया है। केंद्रीय बैंक ने कहा है कि 2,000 रुपये के बैंक नोट लीगल टेंडर (कानूनी निविदा) बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि 19 मई, 2023 को बाजार में प्रचलन में मौजूद 2000 रुपये के बैंक नोटों का कुल वैल्यू 3.56 लाख करोड़ रुपये था। आरबीआई ने उसी दिन दो हजार रुपये के बैंक नोटों की वापसी की घोषणा की थी। आरबीआई के मुताबिक बाजार में मौजूद दो हजार रुपये के नोट इंडिया पोस्ट के माध्यम से रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

Explore our articles