
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता विक्रांत मैसी (actor Vikrant Massey) की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ का टीजर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने सीरीज की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है। मशहूर लेखक दिव्य प्रकाश दुबे (renowned author Divya Prakash Dubey) के चर्चित उपन्यास पर आधारित यह रोमांटिक ड्रामा तीन अजनबियों की जिंदगी और उनके बीच बनने वाले अनोखे रिश्तों की कहानी पेश करेगा। सीरीज में विक्रांत के साथ वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना (Vedika Pinto and Mahima Makwana) मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी, जबकि आदिल हुसैन और राजीव सिद्धार्थ अहम सहायक किरदार निभाते दिखाई देंगे।
निर्देशक रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी यह सीरीज भोपाल और मसूरी की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी चंदर मोहन शर्मा (Vikrant Massey), सुधा (Vedika Pinto) और प्रीति (Mahima Makwana) के इर्द-गिर्द घूमती है। तीनों एक-दूसरे के लिए पूरी तरह अजनबी होते हैं, लेकिन कुछ अप्रत्याशित मुलाकातें उनकी जिंदगी की दिशा बदल देती हैं और उन्हें भावनात्मक सफर पर ले जाती हैं।
‘मुसाफिर कैफे’ (Musafir Cafe) विक्रांत मैसी के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि इस सीरीज के जरिए वह अभिनय के साथ-साथ सह-निर्माता के रूप में भी नई शुरुआत कर रहे हैं। सीरीज का निर्माण टेरिबली टाइनी टेल्स और होममेड स्टोरीज (Terribly Tiny Tales and Homemade Stories) ने मिलकर किया है। यह रोमांटिक ड्रामा 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।



