spot_img

Mumbai : मराठा आरक्षण मुद्दे का समाधान केवल केंद्र सरकार के पास: संजय राऊत

राऊत ने कहा कि भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जारांगे से बात करें प्रधानमंत्री

मुंबई : शिवसेना (यूबीटी) गुट के नेता संजय राऊत ने गुरुवार को कहा कि मराठा आरक्षण मुद्दे का समाधान केवल केंद्र सरकार के पास है, लेकिन इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई चर्चा तक नहीं की जा रही है। इस ज्वलंत मुद्दे पर खुद प्रधानमंत्री को मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल से बात करनी चाहिए।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राऊत यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे इस संबंध में अपनी बात साफ तरीके से कह चुके हैं। राज्य में मराठा समाज आर्थिक और सामाजिक, शैक्षणिक रूप से पिछड़ा है, उसे बिना किसी वर्ग को प्रभावित किए आरक्षण दिया जाना चाहिए । उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे लोकसभा का विशेष अधिवेशन बुलाकर आरक्षण के मुद्दे का समाधान करने की बात कह चुके हैं लेकिन प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

राऊत ने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर मनोज जारांगे भूख हड़ताल पर हैं और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। राऊत ने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या केंद्र सरकार चाहती है, मनोज जारांगे की जान चली जाए। अगर ऐसा हुआ तो महाराष्ट्र में हिंसक स्थिति बन सकती है। इसके लिए सीधे केंद्र सरकार और राज्य सरकार जिम्मेदार रहेगी।

उल्लेखनीय है कि मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल मराठा आरक्षण के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसे लेकर मराठा समाज आंदोलन हिंसक होने लगा है। आरक्षण के लिए आंदोलन करने वालों के खिलाफ अब तक 150 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आंदोलन के दौरान महाराष्ट्र के कई जिलों में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई, जिसमें 12 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हुआ है।

Explore our articles