कल्याण की घटना पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में दिया जवाब
मुंबई : (Mumbai) मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने शुक्रवार को नागपुर में कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। यहां किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन मराठी होने की वजह हमें प्रादेशिक अस्मिता का गर्व है, इसलिए मराठी समाज पर किसी भी तरह हमला भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को नागपुर में विधानपरिषद में कल्याण में मराठी समाज के एक व्यक्ति पर हुए हमले के मुद्दे का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। कल्याण की एक सोसाइटी में झगड़े में अखिलेश शुक्ला और उनकी पत्नी ने एक मराठी व्यक्ति पर हमला किया है। इस मामले में खडक़पाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। शुक्ला ‘एमटीडीसी’ के कर्मचारी हैं और उन्हें निलंबित करने की कार्यवाही चल रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र, मुंबई मराठी लोगों की पहचान है। चूंकि मुंबई आर्थिक राजधानी है, इसलिए देशभर से विभिन्न समाज और समुदाय यहां आते हैं और शांति से रहते हैं। उत्तर प्रदेश के कई लोग मराठी भाषा अच्छी तरह बोलते हैं, कई मराठी त्याेहार मनाते हैं। हालांकि, कुछ लोगों के कारण यहां का सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है।
मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि किसी को किस तरह का आहार लेना चाहिए इसकी आजादी संविधान ने दी है, लेकिन इस तरह से आहार के नाम पर किसी पर हमला करने या उसे रोकने का अधिकार किसी को नहीं है। इस आधार पर भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। ऐसी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। देश में विविधता को बरकरार रखना हमारी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी क्षेत्रीय पहचान यानी मराठी हाेने पर गर्व है और हम इस पर कोई हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे।