spot_img

Mumbai : पुणे के ससून अस्पताल से कुख्यात आरोपित फरार

मुंबई : (Mumbai) पुणे के ससून अस्पताल से रविवार को सुरक्षा रक्षकों को चकमा देकर कुख्यात आरोपित फरार हो गया है। इसकी जानकारी मिलते ही पुणे पुलिस की टीम ने आरोपित मार्शल लीलाकर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पुणे के कुख्यात बदमाश शरद मोहोल की 5 जनवरी को जघन्य हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुन्ना पोलेकर सहित 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इस बीच मार्शल लीलाकर ने शरद मोहोल की पत्नी स्वाति मोहोल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी वजह से पुलिस ने मार्शल लीलाकर को भी इस मामले में गिरफ्तार किया था। इन आरोपितों से पुलिस की पूछताछ चल रही थी, लेकिन मार्शल लीलाकर की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसी वजह से मार्शल को ससून अस्पताल में भर्ती करवाया गया था लेकिन मार्शल लीलाकर आज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया ।

इससे पहले ससून अस्पताल में इलाज करवा रहा कुख्यात ड्रग तस्कर सुरक्षा रक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया था। उस समय अस्पताल स्टाफ के साथ ही सुरक्षारक्षकों पर कार्रवाई की गई थी लेकिन आज फिर से ससून अस्पताल से आरोपित के फरार होने पर तरह-तरह की चर्चा होने लगी है।

Explore our articles