spot_img

Mumbai : बुलढाणा बस हादसे के बाद ड्राइवर गिरफ्तार

मुंबई: (Mumbai) बुलढाणा जिले में हुए निजी बस हादसा मामले में पुलिस ने बस ड्राइवर दानिश इस्माइल शेख पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में नागपुर आरटीओ ने चौंकाने वाली रिपोर्ट दी है। इस घटना में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

नागपुर ग्रामीण आरटीओ के पुलिस निरीक्षक राहुल धकाते ने बताया कि अब तक जांच में पता चला कि यह हादसा टायर फटने से नहीं हुआ बल्कि बस के डिवाइडर से टकराने से हुआ। बस की गति तेज होने के कारण बस डिवाइडर से टकरा गई और उसका अगला एक्सल टूट गया, जिसकी वजह से असंतुलित होकर बस पलट गई। इसके बाद घर्षण के कारण डीजल टैंक फटा, जिससे बस में आग लग गई। जांच में यह भी पता चला है कि समृद्धि राजमार्ग पर बड़े वाहनों को तीसरी लेन से गुजरने के लिए तय किया गया है जबकि निजी बस डिवाइडर के पास से चल रही थी। राहुल धकाते ने ड्राइवर नशे में होने की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि इसकी भी जांच की जानी चाहिए।

आरटीओ से प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिये गए चालक को गिरफ्तार कर लिया। ड्राइवर दानिश इस्माइल शेख के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने कहीं भी यह नहीं पाया कि दुर्घटना टायर फटने से हुई, क्योंकि कहीं भी टायरों के टुकड़े नहीं पड़े थे। तेज गति के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। इसका कारण बस रात 11.08 बजे समृद्धि हाइवे पर पहुंची और देर रात 1.32 बजे हादसा हो गया। इस बस ने 152 किलोमीटर की दूरी 2 घंटे 24 मिनट में तय की। जब हादसा हुआ , उस समय बस की स्पीड 70 किमी प्रति घंटा थी। फिलहाल मामले की गहन छानबीन जारी है।

Explore our articles