spot_img

Mumbai : मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को होगा भारी नुकसान: तहसीन पूनावाला

आगामी कुछ दिनों में महाविकास आघाड़ी के बहुत से नेता पार्टी छोड़ेंगे: चंद्रशेखर बावनकुले

मुंबई : मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस से इस्तीफे को राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने महाराष्ट्र कांग्रेस और मुंबई कांग्रेस दोनों के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि निकट भविष्य में महाविकास आघाड़ी के बहुत से नेता पार्टी छोड़ने वाले हैं। इन सभी नेताओं को भाजपा और गठबंधन दलों में प्रवेश दिलाया जाएगा। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि दो बार लोकसभा का चुनाव हारने वाले नेता के जाने से महाराष्ट्र और मुंबई में पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।

तहसीन पूनावाला ने कहा कि राजनीतिक विश्लेषक के तौर पर मैं उद्धव ठाकरे से एक बात कहना चाहूंगा कि विशेष रूप से संजय राउत के बयानों ने एमवीए सरकार और इंडिया अलायंस को लगातार नुकसान पहुंचाया है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि उद्धव ठाकरे संजय राउत पर लगाम लगा सकते हैं। 2024 में दक्षिण मुंबई जीतने के लिए सबसे अच्छा उम्मीदवार कौन है – मिलिंद देवड़ा या शिवसेना? इसका जवाब राजनीतिक पंडितों, पार्टियों और मतदाताओं के पास है। मैं मिलिंद को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं देना चाहता हूं। उन्होंने इस्तीफा देकर शालीनता दिखाई है, लेकिन मुझे बहुत बुरा लग रहा है कि उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है।

मुंबई कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मिलिंद देवड़ा कांग्रेस परिवार का एक हिस्सा थे। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। मैंने उनसे बातचीत करते हुए कहा कि चर्चा से हल निकल जाएगा, लेकिन आखिर उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया, वह भी उस दिन जिस दिन राहुल गांधी भारत यात्रा शुरू कर रहे हैं, यह बहुत खेदजनक है।

Explore our articles