
मुंबई : (Mumbai) भाजपा युवा मोर्चा के दक्षिण मुंबई अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय दत्ता मेघे के पुत्र अर्जुन मेघे (Arjun Meghe—South Mumbai President of the BJP Yuva Morcha and son of the late former minister Datta Meghe) ने बुधवार को अपने समर्थकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (Nationalist Congress Party) में औपचारिक रूप से प्रवेश किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस के विदर्भ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक (Indranil Naik) के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अर्जुन मेघे का पार्टी में स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
युवाओं की भूमिका पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक, राष्ट्रवादी कांग्रेस के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष धीरज शर्मा और अर्जुन मेघे ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक संजय खोडके, पार्टी नेता उमेश पाटील, प्रदेश प्रवक्ता सुरज चव्हाण तथा प्रदेश महासचिव लतीफ तांबोली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।





