
मुंबई : (Mumbai) आलिया भट्ट और शरवरी वाघ (Alia Bhatt and Sharvari Wagh) अभिनीत यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर ‘अल्फा’ (Alpha) ने सिनेमाघरों में रिलीज के साथ उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं की। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म होने के बावजूद इसका पहले दिन का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन निराशाजनक रहा। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, जिसका असर सीधे इसकी कमाई पर देखने को मिला।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘अल्फा’ ने भारत में पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म देशभर में 7,534 शोज में प्रदर्शित हुई, लेकिन मजबूत स्टारकास्ट और बड़े बैनर के बावजूद यह दर्शकों को सिनेमाघरों तक बड़ी संख्या में खींचने में सफल नहीं रही। इस प्रदर्शन के साथ ‘अल्फा’ वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की अब तक की सबसे कम ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है।
अगर स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों से तुलना करें तो ‘पठान’ ने पहले दिन 57 करोड़ रुपये, ‘वॉर 2’ ने 52.5 करोड़ रुपये, ‘टाइगर 3’ ने लगभग 44.5 करोड़ रुपये, ‘वॉर’ ने 32.5 करोड़ रुपये, जबकि ‘टाइगर जिंदा है’ (Tiger Zinda Hai) और ‘एक था टाइगर’ ने भी पहले दिन 32 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। ऐसे में ‘अल्फा’ इन सभी फिल्मों से काफी पीछे नजर आई।
करीब 100 से 130 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर (Alia Bhatt, Sharvari, Bobby Deol, and Anil Kapoor) मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। रिलीज के बाद फिल्म में ऋतिक रोशन के मेजर कबीर वाले सरप्राइज कैमियो और बॉबी देओल (Major Kabir and Bobby Deol) के खलनायक अवतार की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई, लेकिन इन आकर्षणों के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत दर्ज नहीं कर सकी। अब सभी की निगाहें सप्ताहांत की कमाई पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि फिल्म शुरुआती झटके से उबर पाती है या नहीं।



