spot_img

Lucknow: जल जीवन मिशन ने एक कीर्तिमान स्थापित किया – जलशक्ति मंत्री

लखनऊ:(Lucknow) उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरुप जल जीवन मिशन के अंतर्गत आज प्रदेश के प्रत्येक जनपदों में हर घर जल पहुंचाने का कार्य तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल प्रबंधन में जल जीवन मिशन ने एक कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके लिए जल जीवन मिशन और जनता जनार्दन को बधाई है।

जलशक्ति मंत्री ने अपने आवास से एक संदेश जारी कर कहा कि ये लक्ष्य कठिन था, आज राज्य के अंदर 50 प्रतिशत घरों में नल का कनेक्शन देने में जल जीवन मिशन सफल रहा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार नमामि गंगे, ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की पूरी टीम और जनता के प्रयासों से हम शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के सभी घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने में सफल होगें।

स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 से पहले प्रदेश के सभी घरों में पेयजल पहुंचा कर प्रधानमंत्री का सपना साकार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में परिश्रम की पराकाष्ठा कर घरों में पेयजल पहुंचाया जायेगा।

उन्होंने आगे कहा कि एक समय था कि बुंदेलखंड में ट्रेन से पानी मंगाया जाता था। उस दर्द को गरीब महिलाएं समझती हैं। मोदी और योगी उस महिला की पीड़ा को महसूस करते हैं। बाल्टी भरकर लाने, घड़ा भरकर सिर पर पानी लाने, हैन्डपम्प चलाने से महिलाओं जो तकलीफ होती थी, उससे मुक्ति मिलेगी। उसके घर पर टोटी लगेगा और टोटी से शुद्ध पानी उसके घर में मिलेगा। जिसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को हृदय से बधाई देता हूं।

Explore our articles