Kolkata : एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी की चिंता को जवाहर सरकार ने किया खारिज, कहा- अनावश्यक डर ना फैलाएं

0
84

कोलकाता : (Kolkata) पश्चिम बंगाल में विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया (एस आई आर) को लेकर फैल रही अफवाहों के माहौल पर चिंता जताते हुए तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार (former Trinamool Congress Rajya Sabha MP Jawahar Sarkar) ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राज्य में हुई दो आत्महत्या की घटनाओं के लिए एसआईआर के कथित भय को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) ने चिंता जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से आग्रह किया था कि कोई भी आवेश में आकर कोई कदम न उठाए। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि राज्य सरकार किसी भी परिस्थिति में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू नहीं होने देगी।

मुख्यमंत्री की इस अपील को टैग करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी जवाहर सरकार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा-“आतंक फैलाना ठीक नहीं है। एसआईआर के नाम पर नागरिकता सत्यापन की जो अफवाह फैलाई जा रही है, उसका कोई महत्व नहीं है।”

उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि नागरिकों की पहचान करने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की नहीं है। साथ ही, कोर्ट ने आधार कार्ड को पहचान के एक वैध दस्तावेज के रूप में स्वीकार करने की भी अनुमति दी है।

जवाहर सरकार ने कहा कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार के भय या संदेह में नहीं रहना चाहिए और किसी हड़बड़ी या चरम कदम से बचना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि प्रसार भारती के चीफ रह चुके जवाहर सरकार(Jawahar Sarkar, former Prasar Bharati chief) ने पिछले साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना खिलाफ हुए राज्यव्यापी आंदोलन के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से नाता तोड़ने यहां तक की राजनीति छोड़ने की भी बात कही थी। उन्होंने 8 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भेजे इस्तीफे में राज्य सरकार पर आंदोलन को गलत तरीके से नियंत्रित करने आरोप लगाते हुए उसी के प्रतिवाद स्वरूप इस्तीफा देने की बात कही थी।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु