कोलकाता : (Kolkata) पंजाब के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम को लेकर कांग्रेस नेता उदितराज (Congress leader Udit Raj) की टिप्पणी पर पश्चिम बंगाल की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल (West Bengal BJP MLA Agnimitra Paul) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उदितराज को “अज्ञानी व्यक्ति” करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब कमजोर नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने वाला देश बन चुका है।
कांग्रेस नेता उदितराज ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (‘Operation Sindoor’) नाम पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ‘सिंदूर’ एक विशेष धर्म से जुड़ा प्रतीक है और सरकार को इसके बजाय कोई तटस्थ नाम चुनना चाहिए था। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि नाम से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि पाकिस्तान को सबक सिखाया गया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “जिस तरह पहलगाम में हमारे 26 नागरिकों की हत्या हुई, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उसी का करारा जवाब है। आज जो लोग आलोचना कर रहे हैं, वही लोग उस समय भारत को कमजोर बनाए रखना चाहते थे, जब कांग्रेस के शासन में 26/11 जैसे हमलों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती थी।”
उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सिर्फ एक प्रतीकात्मक नाम नहीं है, बल्कि यह उन बलिदानियों और उनके परिवारों को सशक्त श्रद्धांजलि है, जिनका जीवन इस आतंकवाद ने छीन लिया। यह कमजोर भारत नहीं है; यह प्रधानमंत्री मोदी का सशक्त भारत है। जिस तरह अनेक महिलाओं के माथे से सिंदूर मिटा दिया गया, यह ऑपरेशन उसी का माकूल जवाब है।


