कामरूप (असम) : रंगिया में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मां-बेटी का शव सोमवार को सड़ी-गली अवस्था में बरामद किया गया।
शिव मंदिर के पास एक इमारत से इन दो शवों के मिलने से सनसनी फैल गई। शवों की पहचान कनिका अग्रवाल और पीनू अग्रवाल के रूप में हुई है।
बेटी कनिका अग्रवाल हायर सेकेंडरी सेकंड ईयर की छात्रा थी। कनिका के पिता प्रवीण अग्रवाल का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सुबह स्थानीय लोगों ने प्रवीण अग्रवाल को देखा था। लेकिन, उसके बाद से वह शख्स लापता है।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मां-बेटी की हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन, मां-बेटी को कैसे और किसने मारा, यह जांच के बाद ही सामने आएगा। कुछ लोगों को आशंका है कि यह घटना पारिवारिक कलह का नतीजा हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


