spot_img

Jodhpur : धूमधाम से मनाई राधाष्टमी, पूजन व श्रृंगार किया

जोधपुर : भाद्रपद शुक्ल अष्टमी पर शनिवार को शहर में राधाष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान कई कृष्ण मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम हुए। राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं पर विशेष श्रंगार व पूजन किया गया।

रातानाडा स्थित कृष्ण मंदिर सहित शहर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में शनिवार को राधाष्टमी मनाई गई। रातानाडा स्थित कृष्ण मंदिर के पुजारी हरिभाई गोस्वामी बताया कि राधा रानी के जन्मोत्सव पर विशेष झांकी सजाई गई और राधा रानी का अलौकिक श्रंगार किया गया। सुबह कीर्तन सत्संग व राधा रानी की महाआरती के साथ 21 किलो पेडे का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। वहीं सूरज नगर स्थित हरि प्रेम सभागार में भी राधाष्टमी उत्सव मनाया गयसा। सुबह राधा रानी का पूजन व श्रृंगार किया गया। तनावड़ा फांटा स्थित श्री श्री राधा गोविंद जी मंदिर अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) में शनिवार को राधाष्टमी महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह मंगला आरती के पश्चात श्री श्री राधा गोविंद को विशेष फूलों की पोशाक अर्पित की गई एवं दर्शन के पश्चात गुरु पूजा एवं श्रीमद्भागवत कक्षा हुई। कार्यक्रम हरिनाम कीर्तन से आरंभ हुआ, तत्पश्चात श्री श्री राधा गोविंद का पंचामृत एवं पुष्प अभिषेक किया गया। राधा तत्व पर प्रवचन मंदिर अध्यक्ष सुंदरलाल प्रभु द्वारा तथा छप्पन भोग दर्शन एवं राजभोग आरती हुई। दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। अमृत भजन मंडली की ओर से पालरोड स्थित राधा कृष्ण मंदिर में राधा उत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

Explore our articles