इटानगर : ऑल अरुणाचल प्रदेश बॉर्डर स्टूडेंट्स यूनियन ने राज्य सरकार से सभी निर्दोष ग्रामीणों को तत्काल रिहा करने और गोलीबारी की घटनाओं के साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने का मांग की है।
स्टूडेंट यूनियन ने आज अरुणाचल प्रेस क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य पुलिस ने लोअर सियांग जिला के अंतर्गत कांगकू सर्किल के टोरजन गांव में असम-अरुणाचल सीमा क्षेत्र में हालिया गोलीबारी के आरोप में निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया है।
यूनियन के अंतरिम अध्यक्ष तार तागुंग ने मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि संघ ने दुर्गा बोरा नामक व्यक्ति के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि गोगामुख, जिला धेमाजी (असम) के दिहिंगिया गांव के दुर्गा बोरा ने 5 जून को हुई गोलीबारी की घटना का मुख्य साजिशकर्ता है।
गोलीबारी की इस घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी और अन्य घायल हो गए थे। दुर्गा असम-अरुणाचल सीमा क्षेत्र से लगभग 20 किमी दूर रहने वाले है, लेकिन उन्होंने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को उकसाया था।
अरुणाचल प्रदेश के कांगकू सर्कल के टोरजन गांव के ग्रामीणों और असम के गांव वालों के बीच कोई झगड़ा या सीमा विवाद नहीं है। दोनों राज्यों के ग्रामीण सीमावर्ती इलाके में शांति से रह रहे हैं, लेकिन हाल ही में हुई घटना भड़काऊ बयानबाजी एवं उकसावे के के कारण हुई है।
तोराजन के गांव के लोगों से बातचीत के बाद पता चला है कि आस-पास रहने वाले लोग एक-दूसरे के बहुत करीब हैं और इलाके में अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखते हैं। लेकिन कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए असम के आस-पास की जनता को उकसाया और अरुणाचल प्रदेश की भूमि पर अतिक्रमण करने का जिम्मा सौंपा था। जिसकी शुरुआत 2 जुलाई, 2021 को तोराजान गांव की भूमि की बाड़ को नष्ट कर धान के खेत के झोपड़ियों तक को जलाने से शुरु हुई थी।
असम के लोगों ने भी अवैध रूप से एक मंदिर और घरों का निर्माण करने की कोशिश की लेकिन, शिकायत के बाद असम प्रशासन द्वारा इसे तोड़ दिया गया।
उन्होंने कहा कि यूनियन के सदस्यों द्वारा गोलीबारी वाले क्षेत्र के असम और अरुणाचल प्रदेश दोनों राज्यों के गांवों का दौरा करने के दौरान पता चला है कि दुर्गा बोरा ने इस घटना के लिए साजिश रची थी। इसके मद्देनजर हमने लोअर सियांग जिले के लिकाबाली पुलिस स्टेशन में दुर्गा बोरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।


