महिलाओं ने जिलाधिकारी को बताई पानी की किल्लत
हमीरपुर : दर्जनों महिलाओं ने शुक्रवार को पानी की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि उन्हें बारहों महीने 24 घंटे में एक बार पानी मिलता रहा है। लेकिन अब कई दिन से पानी नहीं आ रहा है, पहले भी कई बार ज्ञापन दिया गया लेकिन समाधान नहीं निकला और आज फिर परेशान होकर ज्ञापन दिया गया है। ताकि स्थाई समाधान हो सके।
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचीं सभी महिलाएं कजियाना निषाद बस्ती की रहने वाली थीं। इस इलाके में बीते कई महीनों से पानी की भीषण समस्या है। चूंकि यह इलाका ऊंचाई में है इसलिए इस इलाके में जलसंस्थान पानी नहीं पहुंचा पा रहा है। इलाके के लोगों को 24 घंटे में एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है, लेकिन बीते कुछ दिनों से वह सप्लाई भी बंद है।
इससे परेशान होकर आज एक बार फिर इलाके की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है और मांग की है कि पानी की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।
हमीरपुर में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, पारा 44 के आसपास बना हुआ है। यहां रात में भी लू चल रही है, ऐसे में पानी की सप्लाई न होना बड़ी समस्या है, जिससे परेशान होकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचीं महिलाओं में राधा, सीता, संगीता, रानी ने बताया कि उनका इलाका ऊंचाई में पड़ता है, इसलिए वहां पानी नहीं पहुंच रहा है।


