गुवाहाटी : माल परिवहन में सुधार और बेहतर ग्राहक इंटरफेस प्रदान करने के लिए पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) द्वारा कई पहल शुरू की जा रही है। इन पहलों में ग्राहकों द्वारा विभिन्न सामग्रियों के आसान परिवहन की सुविधा के लिए जुलाई के दौरान आवक और जावक दोनों माल परिवहन का संचालन कुछ और स्टेशनों में शुरू किया गया है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने आज बताया कि ग्राहक इंटरफेस में सुधार और माल ढुलाई राजस्व में वृद्धि के लिए तिनसुकिया मंडल के अधीन धमल गांव स्टेशन को पीओएल, पशुधन, विस्फोटक, आवक कोयला और क्रेन खेप को छोड़कर 12 जुलाई से जावक कोयला और क्रेन खेप के साथ-साथ बालू और बलास्ट परिवहन सहित सभी प्रकार के आवक और जावक दोनों माल परिवहन के संचालन के लिए खोला गया है।
तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत लकुवा स्टेशन को 03 महीने की अवधि के लिए 14 जुलाई से आवक लोहा और पाइप के खेप संचालन के लिए खोला गया है। इससे पहले, 03 जनवरी से पीओएल, पशुधन, विस्फोटक, आवक कोयला और क्रेन खेप को छोड़कर जावक कोयला सहित सभी प्रकार के आवक और जावक दोनों माल परिवहन के संचालन के लिए खोला गया था।
अलीपुरद्वार मंडल ने जुलाई के दौरान बीडीयू के निरंतर प्रयासों के कारण स्टोन और चावल परिवहन में 82.13 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है।
ग्राहक इंटरफेस में सुधार और नए टर्मिनलों को खोले जाने से मालगाड़ियों की लोडिंग और अनलोडिंग में वृद्धि होती है। इसके परिणामस्वरूप पूसी रेलवे के राजस्व में आने वाले वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।


