नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह
गुरुग्राम: (Gurugram) नूंह हिंसा के बाद से गुरुग्राम में लगी धारा 144 सोमवार को जिलाधीश एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव के आदेशों पर हटा दी गई। गुरुग्राम जिला में 31 जुलाई को नूंह हिंसा वाले दिन से ही धारा 144 लगी हुई थी।31 जुलाई को नूंह जिला में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम जिला में धारा 144 लागू करने के आदेश दिए गए थे। वर्तमान स्थिति के मूल्यांकन के बाद और विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिला गुरुग्राम में सामान्य स्थिति वापस आ गई है। जिसके बाद धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को जारी रखने की आवश्यकता नहीं है।
जारी आदेशों में सभी नागरिकों को सलाह दी गयी है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। साथ ही कहा गया है कि प्रशासन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और शांतिभंग करने के किसी भी प्रयास या सांप्रदायिक सद्भाव को खतरे में डालने वाले कृत्यों से सख्ती से निपटा जाएगा।


