spot_img

Firozabad: योग करने से जीवन में होता है नई ऊर्जा का संचार: चन्द्रसेन जादौन

फिरोजाबाद:(Firozabad) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में एक साथ हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने योग किया। इस मौके पर भाजपा सांसद ने कहा योग करने से हमारे जीवन में ऊर्जा का नया संचार होता है। इसलिए हमें योग करना चाहिए।

जनपद में 9वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैदान में सूर्योदय से पहले ही योग करने वालों की भीड़ जुटने लगी। यहां योग का कार्यक्रम स्थानीय भाजपा सांसद डॉ चन्द्रसेन जादौन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें एक साथ करीब दो हजार से भी अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया।

योगाभ्यास कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद डॉ चन्द्रसेन जादौन ने कहा कि शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा को एक साथ जोड़ना ही योग का नाम है। योग करने से आप स्वस्थ रहेंगे साथ ही आपके जीवन में एक नई ऊर्जा का संचार होगा इसलिए हमें योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भोजन में नमक कम होने से उसका स्वाद कम हो जाता है ठीक उसी प्रकार हमारे जीवन में योग न करने से शरीर अस्वस्थ रहता है। इसलिए हमें योग करना चाहिए।

जिलाधिकारी डॉ उज्जवल कुमार ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का अवसर है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पहले प्रधानमंत्री को सुना और फिर एक साथ हजारों लोगों ने योग किया। उन्होंने कहा कि आप किसी भी चिकित्सक के पास चले जाएं वह आपको तनाव कम करने की सलाह देगा। तनाव को केवल योग से ही समाप्त किया जा सकता है। योग तनाव के साथ_साथ हमारे शरीर की विभिन्न बीमारियों को भी समाप्त करता है। इसलिए अपने व्यवहारिक जीवन में योग को शामिल करे। जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन की सफलता की सीढ़ी के लिए योग अहम है। योग से व्यक्ति स्वस्थ रहने के साथ परिवार स्वस्थ्य रहता है। परिवार स्वस्थ्य होगा तो समाज और देश स्वस्थ्य होगा। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फेमस किया है।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, एडीएम अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी सर्वेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सागर, डीडीओ महेंद्र सिंह, पीडी प्रदीप कुमार पांडेय सहित जिला स्तरीय आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

वही नगर के अटल पार्क में नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा के साथ लोगों ने योगाभ्यास किया। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि योग हमारे शरीर को स्वस्थ करता है इसलिए हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए। इसके अलावा जनपद की सभी तहसीलों व ग्राम पंचायतों में भी योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

Explore our articles