Home Fatehabad Fatehabad : पराली जलाने वाले किसानों को नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं व...

Fatehabad : पराली जलाने वाले किसानों को नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ

0
471

पराली प्रबंधन करने वाले किसानों को जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा सम्मानित

फतेहाबाद : उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने किसानों से आग्रह किया है कि वे धान की पराली को न जलाएं। आगजनी की घटनाओं पर पूर्णतया: अंकुश लगाने के लिए आमजन भी सहयोग करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या किसान पराली को जलाता है, आगजनी की घटनाओं को शामिल होता है तो उनको सरकारी योजनाओं व सेवाओं से वंचित रखा जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि आगजनी की घटनाओं पर पूर्णतया: अंकुश लगाने के लिए धारा 144 पहले से ही लागू की जा चुकी है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को पराली व अन्य फसलों के अवशेषों को न जलाने बारे जागरूक करे। नियमों की अवहेलना करने वालों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं से वंचित रखे। सरकार द्वारा आमजन व किसानों के लिए बहुत सी योजनाएं लागू की है। इसके साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सेवाएं भी निर्धारित समयावधि में नागरिकों को दी जाती है। आगजनी घटनाओं में शामिल व्यक्तियों की सेवाएं व योजनाएं तुरंत प्रभाव से बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिव, पटवारी, नंबरदार अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखे और पराली जलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर तुरंत जिला प्रशासन को अवगत करवाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पराली प्रबंधन के लिए गठित टीमों द्वारा लापरवाही, कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग, संबंधित एसडीएम, बीडीपीओ, तहसीलदार, कानूनगो व अन्य संबंधित अधिकारी भी समय-समय पर गांवों-गांवों का दौरा करें और कड़ी निगरानी करे। उन्होंने कहा कि जिला में धान की पराली सहित अन्य फसलों के अवशेषों को जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए। किसानों को पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताएं और उन्हें पराली को जलाने की बजाए इसके उचित निपटान बारे जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का सहयोग करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाए।