देहरादून : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान की चिंता के साथ ही सीमा पर खड़े की जवान की चिंता भी करते हैं। उनके तीसरे कार्यकाल में और बड़े फैसले होंगे और विकसित भारत का संकल्प तेजी से आगे बढ़ेगा।
रविवार शाम मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धोरण वार्ड के चिड़ोवाली खेल मैदान में मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में ”समाजिक समरसता सम्मेलन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्यातिथि दुष्यंत कुमार गौतम ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। दुष्यंत गौतम ने बाबा साहेब के जीवन के संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे बहुत दूरदृष्टि वाले व्यक्ति थे और समाज उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष किया।
दुष्यंत गौतम ने कहा विगत 10 वर्षो में प्रधानमंत्री मोदी ने देश का मान और सम्मान ऊंचा करने का काम किया है। भाजपा सरकार में सेना को मजबूत करने के साथ ही उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में 80 करोड़ लोगो को मुफ्त राशन दिया जा रहा हैं।
दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कांग्रेस का घोषणा पत्र और भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ युवाशक्ति,नारीशक्ति,गरीब और किसान,इन सभी को सशक्त करता है।
उन्होंने कहा आज चर्चा यह नहीं हो रही की मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे या नहीं चर्चा यह हो रही है की प्रधानमंत्री मोदी कितने बड़े अंतर से जीतने वाले हैं। मोदी के नेतृत्व में तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सर्व प्रथम नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहेब को नमन किया। उन्होंने कहा राज्य के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। पिछले 10 वर्षो में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मंत्री गणेश जोशी ने माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में मतदान की अपील की।
इस अवसर पर विधानसभा चुनाव प्रभारी कमली भट्ट,किसान मोर्चा अध्यक्ष जोगिंदर पुंडीर,मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, सुरेंद्र राणा,पूनम नौटियाल,आरएस परिहार,निरंजन डोभाल,चुन्नी लाल,संजय नौटियाल,मंजीत रावत सहित कई लोग उपस्थित रहे।


