बोगोटा : (Bogota) भारत दुनिया के अपने प्रमुख साझेदार देशों को पाकिस्तान पोषित आतंकवाद के रूपों से परिचित करा रहा है। भारतीय संससदीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेता और सदस्य वैश्विक नेताओं के यह समझाने में कामयाब रहे कि पाकिस्तान की किसी भी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता। वह अपने यहां आतंकवादियों को पाल-पोस कर बड़ा करता है। उन्हें असलाह और अकूत धन देकर सेना के माध्यम से सीमा पार करवा भारत भेजता है। भारत में घुसे यह शैतान भोले-भाले लोगों के दिमाग में जहर भरकर उन्हें अपने जाल में फांस लेते हैं। भारत के सामरिक केंद्रों, प्रमुख शहरों, सैनिकों और नागरिकों पर घात लगाकर हमले करते और करवाते हैं।
भारतीय संससदीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल (Indian Parliamentary All-Party Delegation) अब तक जितने भी देशों में पहुंचा है, वहां की सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में साथ देने का वादा किया है। हां, कोलंबिया के रुख से कुछ निराशा जरूर हुई। बोगोटा में प्रतिनिधिमंडल के समूह 5 का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हम कोलंबिया को यह समझाने में कामयाब रहे कि आतंकवादियों को भेजने वालों और उनका विरोध करने वालों के बीच कोई समानता नहीं हो सकती। भारत केवल आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग कर रहा है। पाकिस्तान ने पहलगाम में आतंकियों से नरसंहार करवा कर समूची मानवता का कत्ल किया है। कोलंबिया ने भी आतंकवादी हमलों (terrorist attacks) को झेला है। भारत तो लगभग चार दशकों से यह झेल रहा है।
उन्होंने कहा कोलंबिया को समझ में आ गया है उसका शुरुआती रुख गलत था। भारत अपनी जगह पर ठीक है। थरूर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बहुत जरूरी था। भारतीय सेना का रौद्र रूप से देखकर पाकिस्तान कांपने लगा है। इसीलिए वह अनर्गल प्रलाप कर रहा है। थरूर ने कहा कि हमने कोलंबिया को यह संदेश दिया कि ऐसा आतंकी देश से संवेदना का हकदार नहीं है। प्रतिनिधिमंडल के दूसरे सदस्य शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि कोलंबिया ने गुरिल्ला युद्ध के कुछ रूपों का सामना किया है। इसलिए उसको भारत की बात समझ में आ गई है।
रीगा (Latvia) में भारत की राजदूत नम्रता कुमार (Namrata Kumar) ने कहा कि सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल रीगा पहुंच चुका है। बाल्टिक असेंबली के सदस्यों बात होगी। असेंबली में तीन बाल्टिक देशों – लिथुआनिया, एस्टोनिया और लातविया के सांसदों का प्रतिनिधित्व होता है। नम्रता कुमार ने कहा कि भारत और लातविया के बीच बहुत मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। लातविया आतंकवाद की हर लड़ाई में भारत के साथ है। इस बीच सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय सांसदों के समूह-7 के प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण अफ्रीका की राजधानी प्रिटोरिया में इंडिया हाउस में स्थानीय राजनेताओं, थिंक टैंकों और प्रभावशाली लोगों से मुलाकात के साथ अपनी दक्षिण अफ्रीका यात्रा का समापन किया।
इस यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार (India’s High Commissioner to South Africa Prabhat Kumar) ने कहा कि यह एक सफल यात्रा है। दक्षिण अफ्रीका ने अपना समर्थन दोहराया है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भाजपा नेता वी. मुरलीधरन ने कहा कि ब्रिक्स या वैश्विक दक्षिण के हित भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण होंगे। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आतंकवाद से आज भारत को नहीं संपूर्ण विश्व को खतरा है। भारत का संदेश बहुत जोरदार और स्पष्ट है।अधिकांश राष्ट्र भारत के पक्ष में खुलकर आ गए हैं। इस बीच भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल फ्रांस और इटली की यात्रा पूरी करने के बाद कोपेनहेगन पहुंच चुका है।
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सऊदी अरब में दिरियाह का दौरा किया। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल और मिट्टी के शहर के रूप में जाना जाता है। यह अपनी पारंपरिक मिट्टी-ईंट वास्तुकला के लिए जाना जाता है। सिएरा लियोन के फ्रीटाउन में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में ग्रुप 4 के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय सुरक्षा समन्वयक अब्दुलई कौल्कर और उनकी टीम से मुलाकात की है।
जकार्ता ( Indonesia) में पूर्व विदेशमंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद (former Foreign Minister and Congress leader Salman Khurshid) ने कहा कि कश्मीर में लंबे समय से एक बड़ी समस्या थी। इसका एक बड़ा हिस्सा संविधान के अनुच्छेद 370 में सरकार की सोच में झलकता था। अनुच्छेद 370 को निरस्त कराने के बाद हुए चुनाव में 65 प्रतिशत भागीदारी हुई। इस वजह से पाकिस्तान के हुक्मरान घबराए हुए हैं। इसीलिए वह अशांति फैला रहे हैं।


