भोपाल: (Bhopal ) प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश अनंत चतुर्दशी पर गुरुवार को विदा होंगे। शहर में दिनभर विसर्जन जुलूस निकाले जाएंगे। शहर के 7 घाटों पर क्रेन की मदद से बड़ी मूर्तियों को विसर्जित किया जाएगा, जबकि छोटी मूर्तियों का कुंड में विसर्जन होगा। गणेश विसर्जन के चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
शहर में 1200 से अधिक स्थानों पर पंडालों में गणेशजी विराजित किए गए हैं। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती रहेगी। रात में नादरा बस स्टैंड से अनंत चतुर्दशी का सामूहिक चल समारोह भी निकलेगा। जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने कर ली है।
सामूहिक विसर्जन करेगा नगर निगम
शहर के लालघाटी चौराहा, गांधी नगर, करोंद चौराहा, कोलार, रायसेन रोड, अवधपुरी समेत पुराने शहर के दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर नगर निगम मूर्तियों के लिए स्टॉल लगाएगा। पूजा के बाद लोग मूर्तियां स्टॉल तक लाएंगे। इसके बाद निगम उनका सामूहिक रूप से विसर्जन करेगा। जिन स्थानों पर स्टॉल बनेंगे, उनकी लिस्टिंग की जा रही है।
इन घाटों पर सुरक्षा के बीच होगा विसर्जन
गणेश विसर्जन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए खटलापुरा, प्रेमपुरा, मालीखेड़ी, संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़), हताईखेड़ा, शाहपुरा एवं कमला पार्क विसर्जन घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम से भी यहां नजर रखी जाएगी।



