इंदौर में राजबाड़ा पर झूम उठे लोग, लहराए तिरंगे
भोपाल : चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग होने के बाद मध्य प्रदेश में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। इंदौर, भोपाल समेत राज्य के अधिकांश शहरों में चंद्रमा पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसे देखकर लोग झूम उठे। माहौल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। लोगों ने तिरंगे लहराकर अपनी खुशी का इजहार किया। मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी इस सफलता का जश्न मनाया गया।
चंद्रयान-3 ने शाम 6 बजे के बाद चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंड किया। चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग का सीधा प्रसारण इसरो की ओर से किया गया। लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखने के लिए इंदौर में राजबाड़ा पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। शहर के 56 दुकान क्षेत्र में भी खुशियां मनाई गई। इंदौर में राजबाड़ा पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। जैसे ही चंद्रयान की सफल लैंडिंग हुई, लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने नारेबाजी के साथ खुशी में तिरंगे लहराए।
चंद्रयान के सफल लैंडिंग के साथ हाथों में तिरंगा लिए झूम उठे लोग
23 अगस्त का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। शाम छह बजे चंद्रयान-3 की साफ्ट लैंडिंग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी स्कूलों में दिखाया गया। जैसे ही चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग की, लोग खुशी से झूम उठे। बालाघाट शहर के कालीपुतली चौक का नजारा देखने लायक रहा। यहां लगी एलईडी स्क्रीन में भारी संख्या में लोगों ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रोग्राम देखा। जिस घड़ी भारत ने इतिहास रचा, लोगों ने ताली बजाकर और भारत माता की जय के उद्घोषों के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।
लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी और इस ऐतिहासिक पल को महसूस किया। इसके बाद लोग हाथों में तिरंगा थामकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-झूमते नजर आए। आतिशबाजी ने जनता के उत्साह को दोगुना कर दिया। देर तक फटाकों की आवाज के साथ वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारे लगते रहे।
स्कूली बच्चों में भी दिखा भारी उत्साह
प्रदेश के अधिकतर स्कूलों में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा कार्यक्रम दिखाया गया, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इस खास पल को देखा और सफल लैंडिंग होते ही वह भी शिक्षकों के साथ खुशी से झूमते नजर आए। छात्रा उर्वशी और साक्षी सहारे ने बताया कि 14 जुलाई को भारत ने चंद्रयान-3 लान्च किया था आज चंद्रमा पर इसकी सफल लैंडिंग हुई है। यह सभी देशवासियों के लिए गर्व करने वाला पल है।


