बेगूसराय : लाखो सहायक थाना में तैनात डायल-112 द्वारा एक पिस्टल, एक गोली एवं दो खोखा तथा बछवाड़ा थाना द्वारा एक पिस्तौल एवं दो गोली बरामद किया गया है। मौके पर से एक बदमाश को गिरफ्तार कर अपराध की दो घटना को टालने की बात एसपी ने कही है।
एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि लाखो सहायक थाना में तैनात डायल-112 को सूचना मिली कि लाखो पचपन टोल में अपराधियों द्वारा गोलीबारी की जा रही है। सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम 15 मिनट के अंदर लाखो पचपन टोल मौके पर पहुंच गई।
जहां से कि एक देशी पिस्टल, एक गोली, दो खोखा एवं एक मोबाईल बरामद किया गया है। जबकि बदमाश भागने में सफल रहे, जिनके गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। बरामद मोबाइल की भी जांच की जा रही है, जल्द ही गोली चलाने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने बताया कि इसी बीच बछवाड़ा थाना को सूचना मिली कि हथियार से लैस कुछ अपराधियों द्वारा रानी टोल दियारा में मनोज कुमार चौधरी के दुकान के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर धमकी देते हुए मारपीट किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मेरे निर्देशानुसार बछवाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टीम के साथ पहुंच गए।
बछवाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार, पुअनि भोला कुमार शर्मा एवं थाना सशस्त्र बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर से एक बदमाश मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ी गाछी निवासी राम कुमार को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्तौल एवं दो गोली बरामद किया गया। जबकि, फरार अन्य अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


