spot_img

Barmer : रेगिस्तानी बाड़मेर में हीट-वेव व भीषण गर्मी का कहर बरकरार, रेड अलर्ट जारी

बाड़मेर : रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर में हीट-वेव व भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। मंगलवार की सुबह सूरज निकलने के साथ गर्मी के तेवर तेज होते गए। दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया।

जिले में दिन का तापमान 46 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग ने 24 मई तक भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते आगामी दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होंगे। साथ ही नौतपा होने से जून के पहले सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

दरअसल, बाड़मेर जिले में मई माह के शुरुआत से गर्मी के तेवर तेज हो गए थे। अब गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही है। हीट-वेव पर भीषण गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए है। मंगलवार को सुबह 8 बजे से ही सूर्य के तेवर तेज हो गए। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कें भट्टी की तरह तपने लगी। तेज गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया। लू व भीषण गर्मी से जन जीवन अस्त-व्यस्त गया। दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज किया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा रहा।

सोमवार को अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और यह 30 डिग्री तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 46 डिग्री से पार चल रहा है। लोग गर्मी से बचने के लिए अलग-अलग जतन कर रहे है। घर से निकलते समय शरीर को कपड़े से ढकने के साथ पानी की बोतल साथ ले जा रहे हैं।

भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 24 मई तक गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर सहित पश्चिमी जिलों में गर्मी व हीट-वेव तेज रहेगी। मई माह के अंतिम दिनों में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी।

Explore our articles