अररिया :(Araria) शारदीय नवरात्र को लेकर जहां पूरे अररिया जिले में एक तरफ दुर्गा पूजा की धूम है।वहीं नवरात्र के महासप्तमी के दिन पहली बार गुजरात और महाराष्ट्र के तर्ज पर डांडिया महोत्सव का अयोजन किया गया।फारबिसगंज के तेरापंथ भवन परिसर में आयोजित डांडिया महोत्सव में एक हजार महिला,पुरुष और बच्चों ने डांडिया नृत्य किया।सैकड़ों की संख्या में महिलाएं डांडिया और गरबा में झूमती रही।फारबिसगंज डांडिया महोत्सव में संस्कृति नृत्य की झलक देखने को मिली।
भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन में मुख्य रूप से मिस्ट्री द अलाव्या फिटनेस,पाई वर्ल्ड स्कूल के कार्तिक सिंह, सीए निशांत गोयल,कामिनी गोयल,आदित्य भगत सक्रिय रहे। कार्यक्रम में करीबन एक हजार लोगों ने एक साथ गरबे की धुन में डांडिया रास किया। फिल्मी और गरबे की धुनों पर बच्चे, बड़े, बूढे़ सब जम कर थिरके।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नेपाल से आए संस्कृति बैंड और डीजे थे।
मौके पर आयोजनकर्ता कार्तिक सिंह, सीए निशांत गोयल,कामिनी गोयल,आदित्य भगत,गुड्डू राज आदि ने कहा कि गुजरात और महाराष्ट्र की तर्ज पर फारबिसगंज में ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति की पहचान कराती है। कार्यक्रम में शामिल फारबिसगंज विधायक विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होने से हमारी संस्कृति सहित परंपराओं को पहचान मिलती है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक बनने में सहायक होती है।वहीं प्रतिभागी हंसिका,भास्वती बोस,सौरभ बोस,मोनिका ठाकुर, रितु सिंह,वैभव कुमार,रुपेश कुमार आदि ने बताया कि डांडिया नाइट का भव्य आयोजन समाज में लोगों के बीच भाईचारे का संदेश देती है।जब शहर में इतने लोग एक साथ मिलकर गरबा खेलते हैं तो ऐसा प्रतीत होता है मानो एक परिवार एक साथ एक मंच पर थिरक रहा हो।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तीन दिन पहले से आयोजन समिति की ओर से वर्कशॉप भी किया गया था।प्रतिभागियों के लिए प्रवेश शुल्क के साथ था और डिनर रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई थी।


