spot_img

Anuppur: दो अलग-अलग स्थानों में दो युवकों ने लगाई फांसी

अनूपपुर:(Anuppur) जिले के दो थाना क्षेत्र अंतर्गत दो युवकों ने मंगलवार को फांसी लगाकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। जिला मुख्यालय अनूपपुर में अज्ञात युवक ने रेलवे कॉलोनी में पीडब्ल्यूआई के गैंगस्टोर में फांसी लगा ली। जिसकी पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। वहीं जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम निगौरा रेलवे स्टेशन के पास निगौरा-पपरोड़ी मार्ग में 27 वर्षीय युवक चरण सिंह बागी ने फांसी लगा ली। दोनों ही थाना क्षेत्रों की पुलिस मामलों की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जूनियर इंजीनियर रेल पथ के पद पर पदस्थ केदारनाथ साहू ने कोतवाली थाना में सूचना दर्ज कराई कि गैंगस्टोर रेलवे कॉलोनी परिसर में लगे मुनगा के पेड़ में एक अज्ञात व्यक्ति का फांसी पर शव लटका हुआ है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात युवक की मृत्यु पर मर्ग कायम कर घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह पंवार ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अज्ञात व्यक्ति की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया। इस दौरान मृतक की कुछ जानकारी मिल सकी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा और मामले की जांच शुरू की।

वहीं, जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम निगौरा रेलवे स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर दूर निगौरा पपरोड़ी मार्ग में हर्रा के वृक्ष में 27 वर्षीय चरण सिंह बागी पुत्र स्व.नानुसिंघ बागी निवासी जिला कोरिया छतीसगढ़ ने घरेलू रंजिश में अपने ससुराल निगौरा आकर फांसी लगा ली। स्थानीय लोगों व परिजनों द्वारा 100 डॉयल को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची जैतहरी पुलिस द्वारा पंचनामा बनाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच पड़ताल की जा रही है।

Explore our articles