गिरफ्तार में से पांच बांग्लादेशी तथा तीन म्यांमार के रोहिंग्या
हमसफर एक्सप्रेस में चढ़कर जाने वाले थे कोलकाता और बेंगलुरू
अगरतला : अगरतला रेलवे स्टेशन पर आठ विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जीआरपी द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार रोहिंग्या स्वतंत्रता दिवस से पहले ऐन मौके पर म्यांमार और बांग्लादेश से आकर भारत के अलग-अलग शहरों में जाने वाले थे।
रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) द्वारा त्रिपुरा में अगरतला रेलवे पर भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जीआरपीके थाना प्रभारी संजीत सेन ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ ने स्टेशन से कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने गलत तरीके से सीमा पार करके भारत में घुसने की बात स्वीकार की। वे बांग्लादेश से भारतीय क्षेत्र में बिना उचित दस्तावेज के घुस आए।
गिरफ्तार विदेशियों के पास से अधिकारियों ने पांच मोबाइल फोन, भारत और बांग्लादेश के मुद्रा के साथ ही रेल टिकट बरामद किये। हिरासत में लिए गए लोगों को रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया। जहां जांच की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए विदेशियों में पांच बांग्लादेश के नागरिक और तीन म्यांमार के रहने वाले रोहिंग्या शामिल हैं। गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान अब्दुल जलील, बिलाल हुसैन, अब्दुल कादर, मो. कसार तथा मो. रसेल के रूप में हुई है। जबकि, तीन रोहिंग्याओं की पहचान मोहम्मद हुसैन, रफीका बेगम और जाहिदा बेगम के रूप में हुई है। उनपर पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने यह चिंता जताई थी कि बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्या का त्रिपुरा होते हुए भारत में घुसने का सहज मार्ग है। वे त्रिपुरा होकर राजधानी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, कोलकाता, जम्मू, कश्मीर आदि से लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंच जाते हैं। जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। ये आठों विदेशी नागरिक हमसफर एक्सप्रेस में सवार होकर कोलकाता तथा बेंगलुरू जाने की तैयारी में थे। इनकी संदिग्ध अवस्था को देखते हुए आरपीएफ द्वारा इनसे पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान इनकी पोल खुल गई और इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जीआरपी द्वारा इस सिलसिले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


