
अभय त्रिपाठी
कल्याण : (Kalyan) कल्याण में एक प्रेम विवाह (love marriage in Kalyan) का दुखद अंत उस समय हुआ, जब पति की आत्महत्या के कुछ ही दिनों बाद पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट छोड़े हैं, जिनमें एक-दूसरे के परिवारों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस दोहरी आत्महत्या के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
डेढ़ साल पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, कल्याण निवासी श्रुति पवार (Shruti Pawar, a resident of Kalyan) ने करीब डेढ़ वर्ष पहले मालेगांव निवासी अनिकेत जगताप से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के विरोध के बावजूद दोनों ने शादी की थी, लेकिन विवाह के कुछ महीनों बाद ही रिश्तों में तनाव शुरू हो गया। आरोप है कि श्रुति को उसके ससुराल पक्ष द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परेशान होकर वह शाहाड स्थित अपनी मामी के घर रहने लगी और महिला शिकायत केंद्र (Women’s Grievance Cell) में भी शिकायत दर्ज कराई।
सुनवाई के दिन पति ने की आत्महत्या
25 जून को हुई सुनवाई के दौरान श्रुति ने स्पष्ट कहा था कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसी दिन शाम को अनिकेत ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी श्रुति और उसके मायके वालों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। इसके आधार पर पुलिस ने श्रुति के माता-पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
माता-पिता की गिरफ्तारी के बाद तनाव में थी श्रुति
माता-पिता की गिरफ्तारी, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आरोपों और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाए जाने के आरोपों के बीच श्रुति गहरे तनाव में आ गई। अंततः उसने भी अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना के आरोप
श्रुति ने भी आत्महत्या से पहले एक विस्तृत सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जेल में बंद अपने माता-पिता को रिहा करने की अपील की है।
परिजनों का हंगामा, पुलिस कर रही जांच
श्रुति की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर हंगामा किया और ससुराल पक्ष के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि दोनों सुसाइड नोट, उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

