
गुना : (Guna) मध्य प्रदेश के गुना शहर के बजरंगगढ़ रेलवे ओवरब्रिज (Bajranggarh railway overbridge in Guna, Madhya Pradesh) से शनिवार सुबह एक 19 वर्षीय छात्रा रेलवे ट्रैक पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा करीब आधे घंटे तक पटरियों पर तड़पती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी मदद करने की पहल नहीं की।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। छात्रा के ट्रैक पर गिरने के समय एक रेलवे इंजन वहीं खड़ा था, जबकि दूसरी पटरी पर भी एक इंजन मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि लोको पायलट ने घायल छात्रा को देखा, लेकिन वह मदद के लिए नीचे नहीं उतरा। घटना के दौरान कई राहगीर भी वहां से गुजरे, लेकिन किसी ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास नहीं किया। करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग ने छात्रा को देखा और उसे उठाने की कोशिश की। अकेले सफल नहीं होने पर उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को आवाज लगाई। इसके बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे, ऑटोरिक्शा बुलाया गया और छात्रा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लंबे समय से कर रही थी नीट की तैयारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल छात्रा आरोन में पदस्थ एक कॉन्स्टेबल की बेटी है और लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच-छह दिनों से कोचिंग भी नहीं जा रही थी। हालांकि, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों ने इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा (City Kotwali Station In-charge Rajkumar Sharma) ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। छात्रा ने ओवरब्रिज से छलांग लगाई या किसी अन्य कारण से नीचे गिरी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल उसकी हालत ऐसी नहीं है कि वह बयान दे सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


