
नवी मुंबई : (Navi Mumbai) तुर्भे पुलिस और अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स सेल (Anti-Narcotics Cell) (ANC) ने संयुक्त अभियान चलाकर 29 लाख 56 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मेफेड्रोन (Mephedrone) (MD) और कोकीन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी टोनी ओग्बेन्ना अदा (45) मूल रूप से नाइजीरिया का निवासी है और वर्तमान में डोंबिवली के पलावा सिटी में रह रहा था। उसके कब्जे से 56.2 ग्राम मेफेड्रोन (MD powder) जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं दूसरी आरोपी नामाकुला ग्रेस (25) युगांडा की निवासी है और वह भी पलावा सिटी, डोंबिवली में रह रही थी। उसके कब्जे से 25.4 ग्राम कोकीन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 12 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
बिक्री के उद्देश्य से रखे गए थे मादक पदार्थ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मादक पदार्थों की बिक्री करने के उद्देश्य से इन्हें अपने पास रखे हुए थे। पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि बरामद मादक पदार्थ एक वांछित आरोपी कॉसमॉस, जो मूल रूप से नाइजीरिया का निवासी है, से प्राप्त किए गए थे। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ तुर्भे पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी), 21(बी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील शिंदे के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स सेल के अधिकारियों संदीप निगड़े, निलेश धुमाल, वसीम शेख, शांतीभूषण कामत और तुकाराम नागरे की टीम ने अंजाम दी। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक वसीम शेख कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


