
नई दिल्ली : (New Delhi) उत्तर-पूर्वी जिले के करावल नगर इलाके (Karawal Nagar area of the North-East district) में एक रेस्टोरेंट के बाहर मामूली विवाद के बाद युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और फरार होने के लिए उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 24 मई को जीटीबी अस्पताल (GTB Hospital) से सूचना मिली थी कि गोली लगने से घायल एक युवक को भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही करावल नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक मायंक (23) का बयान दर्ज किया। मायंक ने बताया कि वह अपने दोस्तों अर्पित, यश उर्फ आशु और एक युवती के साथ शिव विहार स्थित मैजिक चिली रेस्टोरेंट (‘Magic Chili Restaurant and Cafe’ in Shiv Vihar) एंड कैफे में गेट-टुगेदर के लिए गया था।
पूछताछ में मायंक ने बताया कि रेस्टोरेंट में मौजूद रहने के दौरान उसकी किसी बात को लेकर यश उर्फ गोलू से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख वह वहां से निकलने लगा, लेकिन आरोप है कि यश उर्फ गोलू उसके पीछे बाहर तक आ गया। रेस्टोरेंट के बाहर दोनों के बीच फिर बहस हुई और इसी दौरान यश ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर मायंक पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल मायंक को उसके दोस्त तुरंत जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद थाना करावल नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर संजय सिंह रावत (Sanjay Singh Rawat, the SHO of Karawal Nagar police station) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपित यश उर्फ गोलू (21), अर्पित (20) और एक 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपित गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस पूछताछ में यश उर्फ गोलू ने मायंक पर गोली चलाने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह आपसी कहासुनी सामने आई है। हालांकि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।


