
बाराबंकी : (Barabanki) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki district of Uttar Pradesh) जिले में तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र (fatehpur police station) के झांसा गांव में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार रात बिजली कटने के बाद नीरज अपनी पत्नी आरती, बेटों अनुराग और अंशु तथा बेटी अंशिका के साथ घर के बाहर सड़क किनारे सो गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार बेकाबू डंपर पहले पेड़ से टकराया और फिर परिवार के ऊपर चढ़ गया।
वाहन छोड़ भाग निकला डंपर चालक
ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल (District Hospital) पहुंचाया, जहां नीरज समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल आरती को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ (Ram Manohar Lohia Institute of Medical Sciences in Lucknow) रेफर किया गया है। फतेहपुर क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।


