spot_img

Hyderabad : स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले बोले, मजबूत होकर वापसी करेगी पंजाब किंग्स

Hyderabad: Spin Bowling Coach Sairaj Bahutule Says Punjab Kings Will Bounce Back Stronger

हैदराबाद : (Hyderabad) इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स (PBKS) ने सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) (SRH) के खिलाफ हार के बावजूद अंक तालिका में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है। टीम फिलहाल 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। हालांकि, हैदराबाद ने इस मुकाबले में 33 रन से जीत दर्ज की, लेकिन पंजाब के लिए युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनॉली का प्रदर्शन बड़ी सकारात्मक खबर बनकर सामने आया।

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Stadium) में 236 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन कूपर कॉनॉली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 107 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और आठ छक्के लगाए। इस शतक के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए। उन्होंने क्विंटन डिकॉक का एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। कॉनॉली ने यह उपलब्धि महज 22 वर्ष की उम्र में हासिल की।

कॉनॉली की पारी पर स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले (Spin Bowling Coach Sairaj Bahutule) ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “वह बेहद सकारात्मक खिसाईराज बहुतुलेलाड़ी हैं और उनमें शानदार क्षमता है। उनका स्वभाव शांत है और वह पूरी तरह टीम के खिलाड़ी हैं। इतनी कम उम्र में भारत के अलग-अलग मैदानों और पिचों के अनुसार खुद को इतनी जल्दी ढाल लेना शानदार बात है। जब मुकाबला हाथ से निकलता दिख रहा था, तब भी उन्होंने टीम की उम्मीद बनाए रखी और मैच को करीब ले जाने की कोशिश की।”

हार के बावजूद बहुतुले ने टीम के माहौल और एकजुटता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्य कोच रिकी पोंटिंग (Head Coach Ricky Ponting) ने ड्रेसिंग रूम में भरोसे और समर्थन की मजबूत संस्कृति बनाई है।

उन्होंने कहा, “रिकी ने टीम में जो माहौल बनाया है, उसमें हम एक-दूसरे का समर्थन करते हैं और हर खिलाड़ी पर भरोसा करते हैं। उतार-चढ़ाव इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं, लेकिन हम चुनौती स्वीकार करेंगे और और मजबूत होकर वापसी करेंगे। हम जानते हैं कि हमें किस तरह का क्रिकेट खेलना है। हमारी कोशिश हर मैच पर फोकस रखने और शांत मानसिकता बनाए रखने की है।”

अब पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की टीम अपने घरेलू मैदान धर्मशाला लौट रही है, जहां उसे तीन अहम मुकाबले खेलने हैं। टीम को उम्मीद है कि घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वह जीत की राह पर लौटेगी।

बहुतुले ने कहा, “धर्मशाला शानदार मैदान है और हम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। हमारा पहला चरण बेहतरीन रहा है। फिलहाल थोड़ी मुश्किल जरूर आई है, लेकिन हम फिर उठ खड़े होंगे। जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, हम और बेहतर और मजबूत होते जाएंगे।”

पंजाब किंग्स अब अगले सप्ताह एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला (HPCA Cricket Stadium in Dharamshala) में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला खेलेगी, जहां टीम प्लेऑफ में अपनी जगह और मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।

Explore our articles