
मुंबई : (Mumbai) सिनेमाघरों में इस समय अलग-अलग शैली की फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ जहां दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है, वहीं अविनाश तिवारी की ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ (Ginny Weds Sunny 2), माइकल जैक्सन की बायोपिक ‘माइकल’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ भी टिकट खिड़की पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार ‘भूत बंगला’ (Bhoot Bangla) ने दूसरे वीकेंड में शानदार उछाल दिखाया। फिल्म ने शनिवार को 10.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि रविवार को यह आंकड़ा बढ़कर 12.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके साथ ही फिल्म ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेते हुए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 113.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हासिल कर लिया है। फिल्म को पारिवारिक दर्शकों से अच्छा समर्थन मिल रहा है।
वहीं ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष करती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन केवल 46 लाख रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 1.20 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया। दूसरी ओर ‘माइकल’ ने अपनी पकड़ बनाए रखते हुए तीसरे दिन 5.50 करोड़ रुपये कमाए और भारत में इसका कुल कारोबार 16 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इन नई फिल्मों के बीच रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की ‘धुरंधर 2’ अब भी मजबूती से टिकी हुई है। रिलीज के 39वें दिन फिल्म ने 3.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 1,130.59 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। लगातार कई हफ्तों से शानदार प्रदर्शन कर रही यह फिल्म अब भी दर्शकों के बीच अपनी लोकप्रियता बनाए हुए है।


