
मुंबई : (Mumbai) निर्देशक डेविड धवन और अभिनेता वरुण धवन (Director David Dhawan and actor Varun Dhawan) की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। उनकी आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की पहली झलक 14 अप्रैल को रिलीज कर दी गई है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। यह फिल्म एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है, जिसका निर्माण रमेश तौरानी कर रहे हैं।
फिल्म की पहली झलक काफी दिलचस्प है। टीज़र की शुरुआत दो बच्चों के संवाद से होती है, जहां वे अपने माता-पिता के बारे में बात करते हैं और पता चलता है कि दोनों की मां अलग-अलग हैं, लेकिन पिता एक ही है। इस ट्विस्ट से साफ हो जाता है कि फिल्म में वरुण धवन का किरदार दो हसीनाओं के बीच उलझा नजर आएगा, जिससे कहानी में हास्य और ड्रामा का तड़का लगेगा।
इन दो हसीनाओं की भूमिका में पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर (Pooja Hegde and Mrunal Thakur) नजर आएंगी। दोनों अभिनेत्रियों के साथ वरुण की केमिस्ट्री को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं। फिल्म का टोन पूरी तरह एंटरटेनमेंट से भरपूर रखा गया है, जो दर्शकों को हंसी के साथ-साथ रोमांस का मजा देगा। ‘है जवानी तो इश्क होना है’ (Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai) 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म गर्मियों में दर्शकों के लिए एक परफेक्ट फैमिली एंटरटेनर साबित होगी।


