spot_img

New Delhi : शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

New Delhi: Pressure on Stock Market in Early Trade; Major Decline in Sensex and Nifty

नई दिल्ली : (New Delhi) घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) में आज अभी तक गिरावट का रुख है। कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बना। इसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की। इसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर आया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.41 प्रतिशत और निफ्टी 1.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टीसीएस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 1.66 प्रतिशत से लेकर 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 5.80 प्रतिशत से लेकर 3.78 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 3,010 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 697 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,313 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 26 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से चार शेयर हरे निशान में और 46 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 389.66 अंक की कमजोरी के साथ 74,883.79 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक मामूली उछाल के साथ 74,904.91 अंक के स्तर पर पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सेंसेक्स लगभग 1,100 अंक फिसल कर 74,189.04 अंक तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1,059.53 अंक टूट कर 74,213.92 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 132.90 अंक फिसल कर 23,173.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक मामूली रिकवरी कर 23,186.10 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से निफ्टी की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ सका। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 324.55 अंक की गिरावट के साथ 22,981.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,205 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,273.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 394.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,306.45 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

Explore our articles