
थोक बिक्री में बढ़ोत्तरी से ऑटो उद्योग में मांग मजबूत
नई दिल्ली : (New Delhi) देश के ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मांग में सुधार का संकेत देते हुए फरवरी महीने में यात्री वाहनों की थोक बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उद्योग संगठन (Society of Indian Automobile Manufacturers) (SIAM) के अनुसार फरवरी में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत बढ़कर 4,17,705 इकाई तक पहुंच गई। पिछले वर्ष फरवरी में यह आंकड़ा 3,77,689 इकाई था।
दोपहिया वाहनों की बिक्री में उछाल
सियाम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी उल्लेखनीय उछाल देखा गया। फरवरी के दौरान दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 35.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 18,71,406 इकाई पर पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 13,84,605 इकाई दर्ज की गई थी। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मांग बढ़ने के कारण दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेजी आई है।
तिपहिया के 74,573 यूनिट बिके
इसी तरह तिपहिया वाहनों की बिक्री में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। फरवरी में तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री 29 प्रतिशत बढ़कर 74,573 इकाई हो गई, जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 57,788 इकाई था। माना जा रहा है कि शहरी परिवहन सेवाओं और छोटे व्यावसायिक उपयोग में बढ़ोतरी के कारण इस श्रेणी में मांग में सुधार हुआ है।
वैश्विक परिस्थितियों को लेकर चिंता
हालांकि उद्योग संगठन ने वैश्विक परिस्थितियों को लेकर सावधानी भी जताई है। सियाम के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष की स्थिति का असर भविष्य में विनिर्माण गतिविधियों और निर्यात पर पड़ सकता है, जिससे ऑटोमोबाइल उद्योग (automobile industry) की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।


