
भुवनेश्वर : (Bhubaneswar) इंडियन मेटल्स एंड फेरो अलॉयज लिमिटेड (आईएमएफए) ने (Indian Metals & Ferro Alloys Limited) ओडिशा के जाजपुर जिले स्थित कलिंगनगर में टाटा स्टील लिमिटेड (Tata Steel Limited’s ferrochrome plant in Kalinganagar, Jajpur district) के फेरो क्रोम संयंत्र का अधिग्रहण औपचारिक रूप से पूरा कर लिया है। कंपनी ने नियामकीय सूचना में बताया कि यह सौदा 707.26 करोड़ रुपये में संपन्न हुआ।
कंपनी का कहना है कि यह अधिग्रहण उसके फेरो अलॉय कारोबार के विस्तार और बाजार हिस्सेदारी सुदृढ़ करने की रणनीति के अनुरूप है। कलिंगनगर क्षेत्र में स्थित इस इकाई के संचालन से उत्पादन क्षमता वृद्धि के साथ-साथ आपूर्ति श्रृंखला दक्षता में भी सुधार की अपेक्षा है।
115 एकड़ में फैला है संयंत्र
115 एकड़ क्षेत्र में फैले इस संयंत्र में वर्तमान में चार भट्टियां संचालित हैं, जिनकी संयुक्त वार्षिक उत्पादन क्षमता 1,00,000 टन (annual production capacity of 100,000 tons) है। अधिग्रहण की कुल राशि में 610 करोड़ रुपये की मूल कीमत के अतिरिक्त वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) तथा कार्यशील पूंजी से संबंधित घटक शामिल हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस लेनदेन का वित्तपोषण पूर्णतः आंतरिक संसाधनों से किया गया है।
1.5 लाख टन होगी क्षमता
आईएमएफए के अनुसार संयंत्र में प्रस्तावित पांचवीं भट्टी का निर्माण कार्य आंशिक रूप से लंबित है, जिसे लगभग एक वर्ष में पूर्ण करने की योजना है। पांचवीं भट्टी के चालू होने के बाद इकाई की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,50,000 टन प्रतिवर्ष होने का अनुमान है।


