
कैथल : (Kaithal) फेसबुक पर फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना कैथल पुलिस (Cyber Crime Police Station in Kaithal) ने एक यवुक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को काबू किया जा चुका है।
आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर खुद को ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और आठ प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया। विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने सेबी का फर्जी प्रमाणपत्र भी भेजा और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवाए।
शिकायतकर्ता ने जुलाई 2025 में विभिन्न तिथियों पर अपने एक्सिस बैंक और पीएनबी बैंक (Axis Bank and PNB bank) खातों से कुल 60 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में रकम ट्रेडिंग वॉलेट में दिखाई देती रही, लेकिन बाद में ठगी का पता चला।
मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई नरेश कुमार (PSI Shubhranshu and ASI Naresh Kumar) की टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान पुलिस ने भगवान नगर, लुधियाना (पंजाब) निवासी अंशुल ठाकुल को गिरफ्तार किया। आरोपी अंशुल द्वारा साइबर ठगों को ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए गए थे। इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


