spot_img

New Delhi : स्टॉक मार्केट में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स की मजबूत एंट्री, फायदे में आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली : (New Delhi) कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (LG Electronics India) के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में जबरदस्त एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ को निवेशकों की ओर से भी शानदार रिस्पांस मिला था, जिसके कारण आईपीओ मार्केट में करीब 17 साल बाद किसी कंपनी के आईपीओ को 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोली मिली थी। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 1,140 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग 1,715 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 1,710.10 रुपये के स्तर पर हुई। इस तरह कारोबार की शुरुआत में ही इसे करीब 50 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल गया। लिस्टिंग के बाद इस शेयर की चाल में उतार चढ़ाव होने लगा। सुबह 10:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद कंपनी के शेयर बीएसई पर 1,660 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 1,653.50 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का 11,607.01 करोड़ रुपये का आईपीओ 7 से 9 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 54.02 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (qualified institutional buyers) (QIBs) के लिए रिजर्व पोर्शन 166.51 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (non-institutional investors) (NIIs) के लिए रिजर्व पोर्शन में 22.44 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 3.55 गुना और एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व पोर्शन 7.62 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 10,18,15,859 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये जारी किए गए हैं।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 1,344.93 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 1,511.07 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 2,203.35 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय 10 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 24,630.63 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2025 में कंपनी को 513.26 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी को 6,337.36 करोड़ की आय हासिल हो चुकी है।

कंपनी के रिजर्व और सरप्लस (company’s reserves and surplus) की बात करें, तो वित्त वर्ष 2022-23 के आखिरी में ये 4,243.12 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 के आखिरी में घट कर 3,659.12 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 के आखिरी में उछल कर 5,291.40 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं मौजदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2025 तक कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 5,805.50 करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच गया।

Islamabad : पाकिस्तान में ‘ब्लास्फेमी बिजनेस’ का विस्तार, फर्जी डिजिटल सबूतों के सहारे दर्ज हो रहे मामले

इस्लामाबाद : (Islamabad) पाकिस्तान में डिजिटल माध्यमों से कथित ईशनिंदा (ब्लास्फेमी) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मानवाधिकार संगठनों ने इसे...

Explore our articles