मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai airport in Maharashtra) पर तैनात पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। वह भारत में पिछले 19 साल से अवैध तरीके से रह रहा था। बांग्लादेशी नागरिक की पहचान अक्तारुजमान अमन उल्लाह (Aktaruzzaman Aman Ullah) के रुप में की गई है। इस मामले की गहन छानबीन सहार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे सहार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि अक्तारुजमान अमन उल्लाह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दुबई जाने की कोशिश कर रहा था। एयरपोर्ट पर तैनात इमिग्रेशन अधिकारियों को उसके दस्तावेज पर शक होने पर आरोपित को सहार पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद आरोपित के दस्तावेजों की छानबीन करने पर पता चला कि अक्तारुजमान पिछले 19 सालों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
अधिकारी ने बताया कि वह 2006 में पश्चिम बंगाल के 24 दक्षिण परगना जिले (Bangladesh via 24 South Parganas district of West Bengal in 2006) के रास्ते बांग्लादेश से भारत आया और बाद में फर्जी दस्तावेज हासिल किए, और 2015 में उसने पासपोर्ट भी हासिल कर लिया। 2018 में उस व्यक्ति का पासपोर्ट खो गया था, लेकिन वह कोलकाता से दूसरा पासपोर्ट जारी करवाने में कामयाब रहा। 2020 में, अमन उल्लाह सऊदी अरब गया और वर्क वीजा पर वहाँ पाँच साल बिताए। वह इसी साल 18 मई को भारत लौटा और 29 मई को बांग्लादेश के लिए उड़ान भरी थी। लगभग एक महीना बिताने के बाद वह 26 जून को मुंबई लौटा था। इन्हीं फर्जी दस्तावेज के आधार पर आरोपित फिर से दुबई जा रहा था, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया है।


