spot_img

New Delhi : स्टॉक मार्केट में स्मार्टेन पावर की जोरदार एंट्री, प्रीमियम लिस्टिंग के बाद लगा अपर सर्किट

नई दिल्ली : (New Delhi) पावर बैकअप और सोलर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी स्मार्टेन पावर सिस्टम्स के शेयरों (Shares of Smarten Power Systems) ने आज स्टॉक मार्केट में जबरदस्त एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 100 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर 44 प्रतिशत लिस्टिंग गेन के साथ इसकी एंट्री 144 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद लिवाली शुरू हो जाने के कारण कुछ ही देर में कंपनी के शेयर उछल कर 151.20 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर आ गए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 51.20 प्रतिशत का फायदा हो चुका है।

स्मार्टेन पावर सिस्टम्स (Smarten Power Systems) का 50 करोड़ रुपये का आईपीओ 7 से 9 जुलाई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 5.51 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 4.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 9,99,600 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे गए हैं। इसके अलावा शेष नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ में नए शेयरों के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी बैट्री मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की प्रोडक्शन लाइन की खरीदारी करने, पुराने कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 5.16 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 11.29 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 12.77 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 4 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (compound annual growth rate) से बढ़ कर 203.20 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

Explore our articles