spot_img

Mathura : साइबर अपराधियों ने डीएम की फेक व्हाट्सएप आईडी से मांगे डीएचओ से 50 हजार रुपए

मथुरा डीएम ने दर्ज कराया मुकदमा, लोगों से सावधान रहने की अपील
मथुरा : (Mathura)
आम जनता के तो कहने ही क्या अब जिले के आलाधिकारी तक साइबर ठगों के निशाने पर हैं। किसी साइबर शातिर ने जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नाम पर फेक वाट्सएप अकाउंट बना डाला। डीएम के इस फेक अकाउंट से डीएचओ से 50 हजार रुपये की मांग की गई। जिलाधिकारी ने मंगलवार शाम आम जनमानस से सावधान रहने की अपील की है।

वाट्सएप पर किसी शातिर साइबर ठग ने लाओस के नंबर 8562098330804 से डीएम का फोटो लगाकर फेक एकाउंट बना लिया। फोटो के नीचे डीएम का नाम चंद्र प्रकाश सिंह भी लिखा गया। इस फेक अकाउंट के जरिए शातिर ने उद्यान अधिकारी मनोज कुमार चतुर्वेदी को वाट्सएप पर संदेश भेजा।

उसमें पहले डीएचओ के हाल पूछे और फिर लोकेशन के बारे में पूछा। डीएचओ ने स्वयं को आफिस में होना बताया। फेक अकाउंट धारक ने स्वयं को डीएम दर्शाते हुए मीटिंग में व्यस्त बताया और डीएचओ से किसी एकाउंट में 50 हजार रुपये आनलाइन ट्रांजेक्शन किए जाने की बात कही। शक होने पर डीएचओ मनोज कुमार ने जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया। डीएम ने शातिर के खिलाफ एफआइआर किए जाने के आदेश दिए हैं। डीएम ने लोगों से सावधान रहने व उनके नाम पर किसी के झांसे में न आने की अपील की है।

डीएचओ मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि फेक अकाउंट से उनसे 50 हजार रुपये मांगे गए थे। जिलाधिकारी के नाम पर पैसे मांगे जाने पर उन्हें शक हुआ। थाना सदर में मामले की शिकायत की है। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के फेक अकाउंट बनाए जाने की शिकायत मिली है। साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। लाओस के नंबर से अकाउंट बनाया गया है। दोषी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया किसी असामाजिक तत्व द्वारा उनका फेंक/फर्जी व्हाट्सएप बनाया गया है, जिसमें मोबाइल नंबर $8562098330804 का प्रयोग किया जा रहा है। व्हाट्सएप में जिलाधिकारी की फोटो का भी प्रयोग किया जा रहा है। उक्त के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। कृपया आप सभी सावधान रहे।

Jalpaiguri : चालसा में ममता बनर्जी का दौरा, 24 मार्च को सेंट लूसी चर्च में अहम बैठक

जलपाईगुड़ी : (Jalpaiguri) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee) 24 मार्च को माटियाली ब्लॉक के मंगलबाड़ी बस्ती (Mangalbari...

Explore our articles