चतरा : (Chatra) पुलिस ने अज्ञात युवती के शव की पहचान करते हुए हत्या का खुलासा कर लिया है। प्रेमी ने ही युवती की हत्या कर शव को पत्थलगडा के सिंघानी गांव के परसोनिया नदी के किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया है। युवती की पहचान हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बकचुम्मा गांव निवासी चांदो गंझू की पुत्री उषा कुमारी के रूप में की है। तीन मई को परसोनिया नदी के किनारे युवती का शव मिला था।
यूडी केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। युवती के पिता चांदो गंझू के लिखित बयान के आधार पर उषा का प्रेमी पत्थलगडा थाना क्षेत्र के मेरमगडा गांव निवासी शंकर गंझू के पुत्र मिथलेश गंझू को गिरफ्तार किया गया है।
युवती मिथिलेश के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने उषा की हत्या कर शव को नदी के किनारे सुनसान जगह में फेंक दिया था। आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चतरा जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रेमी ही युवती का कातिल निकला। इससे संबंधित थाना कांड संख्या 23/25 में मामला दर्ज किया गया है।


