उत्तर दिनाजपुर : (North Dinajpur) पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में एक सात साल के नाबालिग को पेड़ से बांधकर पिटाई करने का आरोप उसके पड़ोसियों पर लगा है। यहां तक कि बेटे को बचाने की कोशिश करने पर उसकी मां को भी पीटा गया। घटना शुक्रवार की है। घटना से रायगंज शहर संलग्न सुभाषगंज क्षेत्र के बासुदेवपुर गांव में व्यापक तनाव है। पिटाई के बाद घायल मां और बेटा रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती है।
घटना के संबंध में रायगंज थाने में आरोपित पड़ोसी सुकरू अली समेत पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि पड़ोसी सुकरू अली ने सात वर्षीय नाबालिग को मोबाइल और पैसे चोरी के झूठे आरोप में पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब मां ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया।
बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मां और बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद रायगंज पुलिस थाने में पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इस संबंध में नाबालिग की मां हसीना बेगम ने कहा, मेरे बेटे को उसके पड़ोसी सुकरू अली समेत पांच लोगों ने पैसे और मोबाइल फोन चोरी करने के झूठे आरोप में पेड़ से बांधकर पीटा। बेटे को बचाने के दौरान मुझे भी पीटा गया। पति अंधा और लकवाग्रस्त है। मैं चाहता हूं कि आरोपित को गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी सजा दी जाए।


