spot_img

Kathua : कठुआ में एक बच्चे समेत तीन लापता व्यक्तियों के शव बरामद, पुलिस ने आतंकी घटना से किया इंकार

कठुआ : (Kathua) दो दिनों से लापता 14 वर्षीय बच्चे समेत तीन व्यक्तियों के शव शनिवार को बिलावर कठुआ की ऊपरी पहाड़ियों में एक नाले से बरामद किए गए। हालांकि पुलिस ने इसमें आतंकी घटना से इंकार किया है। वहीं विलावर के फिंतर क्षेत्र में इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने यूटी प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार तीनों 6 मार्च की शाम को लोहाई मल्हार में अपने घरों से लगभग 8 बजे क्षेत्र में एक शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। जब वे वापस नहीं लौटे तो स्थानीय लोगों और अधिकारियों द्वारा उनकी खोजबीन शुरू की गई। लगभग 60 घंटों की गहन खोजबीन के बाद उनके शवों को ड्रोन का उपयोग करके खोजा गया और बाद में बचाव दल द्वारा बरामद किया गया। मृतकों की पहचान जोगेश सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी गांव मरहून, दर्शन सिंह उम्र 40 वर्ष और बरून सिंह उम्र 14 वर्ष दोनों निवासी गांव देहोता बिलावर के रूप में हुई है। हालांकि अधिकारियों ने आतंकवाद के किसी भी पहलू से इनकार किया है लेकिन उनकी मौत के आसपास की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है।

एक सामाजिक कार्यकर्ता ठाकुर लेख राज ने इस घटना के क्रम में भारत के माननीय गृह मंत्री से पत्र लिखकर अपील की है कि इस चैंकाने वाली और रहस्यमयी घटना ने स्थानीय समुदाय में भय पैदा कर दिया है। उन्होंने तीन मौतों के पीछे की सच्चाई का पता लगाने और उनके परिवारों को न्याय दिलाने के लिए गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी अपील की है कि दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Explore our articles