मुंबई: (Mumbai) महाराष्ट्र विधान परिषद की रिक्त 11 विधान परिषद सीटों (11 Legislative Council seats) के लिए शुक्रवार को सुबह नौ बजे से मतदान हो रहा है। अब तक विधानसभा के 288 विधायकों में से 222 विधायकों ने अपने वोट डाल दिए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी मतदान किया है। मतदान के बाद मतगणना होगी और चुनाव परिणाम भी आज ही घोषित किए जाएंगे।
विधान परिषद की रिक्त 11 सीटों के लिए 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 5, शिवसेना शिंदे समूह के 2, राकांपा (Ajit Pawar) समूह के 2 उम्मीदवार भाजपा नीत एनडीए की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (एसपी) के एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
विधान परिषद चुनाव में मतदान करने के लिए भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ तलोजा जेल से विधान भवन में पहुंचे हैं। गणपत गायकवाड़ को पुलिस स्टेशन में शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ पर गोली चलाने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। गणपत गायकवाड़ को मतदान से रोकने के लिए महाविकास आघाड़ी के नेताओं ने विरोध किया है और इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। इसलिए अभी तक गणपत गायकवाड़ वोटिंग नहीं कर सके हैं। चुनाव अधिकारी केंद्रीय चुनाव आयोग से चर्चा करने के बाद ही गणपत गायकवाड़ की वोटिंग के बारे में निर्णय लेने वाला है।
महाविकास आघाड़ी के नेता अनिल देशमुख और संजय राऊत ने कहा है कि इससे पहले हुए विधान परिषद चुनाव में विधायक अनिल देशमुख और नवाब मलिक को जेल में रहने की वजह से मतदान करने नहीं दिया गया था। फिर चुनाव आयोग पुलिस स्टेशन में गोली चलाने के बाद जेल में रहने वाले विधायक को मतदान की अनुमति कैसे दे सकता है।


