spot_img

Mumbai: महाराष्ट्र में भाजपा देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में लड़ेगी विधानसभा चुनाव

मुंबई:(Mumbai) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेंगे, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री पद का निर्णय चुनाव बाद लिया जाएगा। साथ ही लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रदेश इकाई जुलाई महीने में धन्यवाद यात्रा आयोजित करेगी।

चंद्रशेखर बावनकुले मंगलवार को दिल्ली में प्रदेश भाजपा नेताओं की बैठक में शामिल होने गए थे। बुधवार को दिल्ली से लौटने पर नागपुर में बावनकुले पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा हुई, लेकिन देवेन्द्र फड़णवीस को मंत्री पद से हटाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। विधानमंडल के सभी सदस्यों और प्रदेश भाजपा ने देवेन्द्र फडणवीस से सरकार में बने रहने और संगठन की मदद करने का अनुरोध किया है।

चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की अगली पांच साल की विकास योजनाओं को महाराष्ट्र में लाने के लिए काम करेगी। उसके लिए सरकार में देवेन्द्र फडणवीस की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिस विधानसभा क्षेत्र में महायुति के उम्मीदवार आधे प्रतिशत से भी कम वोटों से पीछे रहे, उसके कारणों पर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में विधानसभाओं में हम और अधिक काम करके इस कमी को पूरा करने का काम करेंगे।

Explore our articles